ग्वालियर व्यापार मेले का आटोमोबाइल सेक्टर आज से लेगा आकार
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले का आटोमोबाइल सेक्टर आज से आकार लेने लगेगा। शुक्रवार को शहर के एक दर्जन से अधिक आटोमोबाइल कारोबारी मेला मैदान पहुंचे। जहां उन्होंने मेला प्राधिकरण के सचिव निरंजन लाल श्रीवास्तव की मौजूदगी में आटोमोबाइल सेक्टर का प्रारंभिक खाका तैयार कराया। चूंकि मेले में बीते दो साल की तरह इस साल भी वाहन बिक्री पर 50 फीसद आरटीओ छूट मिलेगी। ऐसे में बीते साल की तरह बीएमडब्ल्यू, जेगुआर, वाल्वो, मर्सडीज आदि के अन्य शहरों के डीलरों ने मेले में व्यापार करने के लिए आवेदन कर दिए हैं। पिछले साल इंदौर के डीलरों ने मेले में व्यापार करने के लिए जगह ली थी, लेकिन स्थानीय डीलरों की तरह उन्होंने भव्य अस्थाई शोरूम नहीं बनाए थे। ऐसे में स्थानीय डीलरों ने बाहरी डीलरों का विरोध शुरू कर दिया है। ग्वालियर के आटोमोबाइल डीलरों का कहना है कि मेले में ग्वालियर-चंबल के कारोबारियों को ही तरजीह दी जाए। क्योंकि अन्य शहरों से आए डीलर मेले की भव्यता को बिगाड़ते हैं। वे न शोरूम बनाते हैं न वाहनों को लाकर प्रदर्शित करते हैं।
जबकि स्थानीय डीलर लाखों रुपये खर्च कर भव्य अस्थाई शोरूम बनाते हैं। वहीं मेला सचिव निरंजनलाल श्रीवास्तव का कहना है कि मेले में व्यापार करने के लिए जिसके भी आवेदन आएंगे, उन्हें दुकानें दी जाएंगी। मप्र के डीलरों को दुकानें देने में कोई समस्या नहीं है। इस संबंध में एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा अंतिम निर्णय लेंगे। बता दें कि, मेला मैदान में पूर्व निर्धारित जगह पर ही आटोमोबाइल सेक्टर तैयार किया जाएगा। हालांकि कारोबारी पास में थोड़ी और जगह मांग रहे हैं। मेला सचिव का कहना है कि आटोमोबाइल कारोबारियों को वाहन रखने में परेशानी न हो, इसलिए सनसिटी वाली जगह दे दी जाएगी।
जगमगाया मेलाः मेला मैदान में शुक्रवार शाम से हाई मास्ट लगा दी गई हैं, जिससे मेला मैदान जगमग होने लगा है। रोशनी की व्यवस्था होने से अब दिन के साथ रात में भी दुकानें बनाने का काम तेजी से चल रहा है। साफ-सफाई का काम तेज कर दिया गया है, दुकानों की जमीन पर निवासरत लोगों को झुग्गियां हटाने के लिए कह दिया गया है। झूला सेक्टर में कई झूले लगकर तैयार हो गए हैं, जिनकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है। बड़ी संख्या में सैलानी मेला घूमने पहुंचने भी लगे हैं। मेले की कुल 1807 दुकानों में से 1187 दुकानें आरक्षित हैं, जिन्हें आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है। नई दुकानों के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं, जिन्हें शनिवार से दुकानें देना शुरू किया जाएगा।

पाठको की राय